NZ PM and Indian PM

4 जुलाई 2026 (ऑकलैंड ): भारतीय समुदाय इस सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक दिवसीय न्यूज़ीलैंड यात्रा की तैयारियों में जुटा हुआ है।

शुक्रवार को यात्रा की आधिकारिक तिथियों की घोषणा करते हुए न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इसे "ऐतिहासिक" करार दिया। उन्होंने कहा कि लगभग 40 वर्षों बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली न्यूज़ीलैंड यात्रा होगी। लक्सन ने कहा, "भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेज़ी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है तथा न्यूज़ीलैंड की समृद्धि के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण देश है।"

40 वर्ष बाद फिर न्यूज़ीलैंड में भारतीय प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी अक्टूबर 1986 में हुई राजीव गांधी की यात्रा के बाद न्यूज़ीलैंड का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। हालांकि, किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूज़ीलैंड की पहली यात्रा का श्रेय इंदिरा गांधी को जाता है, जिन्होंने मई 1968 में यह दौरा किया था।

प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी की पहली न्यूज़ीलैंड यात्रा होगी, हालांकि वे इससे पहले वर्ष 2001 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक रणनीतिकार के रूप में वेलिंगटन सहित न्यूज़ीलैंड का दौरा कर चुके हैं।

राष्ट्रपति स्तर पर भी हो चुकी हैं यात्राएं

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अगस्त 2024 में न्यूज़ीलैंड का दौरा कर चुकी हैं, जबकि उनसे पहले तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने वर्ष 2016 में यह यात्रा की थी।

द्विपक्षीय संबंधों की पृष्ठभूमि

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच वर्ष 1958 में औपचारिक राजनयिक संबंध स्थापित हुए, जिसके बाद नई दिल्ली में न्यूज़ीलैंड के उच्चायोग की स्थापना हुई। इसके बाद दोनों देशों के संबंध लगातार प्रगाढ़ होते गए। इस कड़ी में मई 1968 में इंदिरा गांधी की यात्रा एक महत्वपूर्ण पड़ाव रही, जिसके बाद इंदिरा गांधी के पुत्र और 1984 से 1989 तक प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी ने अक्टूबर 1986 में न्यूज़ीलैंड का दौरा किया।

भव्य स्वागत समारोह की तैयारी

प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में 11 जुलाई 2026 को ऑकलैंड के स्पार्क एरीना में एक भव्य सामुदायिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें 10,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

प्रधानमंत्री मोदी 6 दिवसीय दौरे (6-11 जुलाई) पर हैं। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया के बाद वे न्यूज़ीलैंड पहुंचेंगे।

[भारत-दर्शन समाचार]