
ऑकलैंड में 'नमस्ते न्यूज़ीलैंड 2026' का आयोजन, हिंदी और कला प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
ऑकलैंड (28 सितंबर 2026): ऑकलैंड स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने रविवार, 27 सितंबर को पापाटोएटोए के श्री स्वामीनारायण मंदिर परिसर में "नमस्ते न्यूज़ीलैंड 2026" नामक बहुसांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक विरासत के साथ न्यूज़ीलैंड के विभिन्न समुदायों को सम्मान देना था। इसमें प्रवासी भारतीय, सामुदायिक नेत, कलाकार और अतिथि उपस्थित रहे।
उद्घाटन और संबोधन
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। ऑकलैंड में भारत के महावाणिज्य दूत डॉ. मदन मोहन सेठी ने अपने संबोधन में कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामुदायिक भागीदारी से भारत और न्यूज़ीलैंड के संबंध मज़बूत होते हैं।
मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विदेशों में बसे भारतीय समुदाय को जोड़ने में संस्कृति, भाषा और परंपराओं की भूमिका पर अपने विचार रखे और भारतीय संस्कृति के प्रसार में महावाणिज्य दूतावास के प्रयासों की सराहना की। न्यूज़ीलैंड के सांसद डॉ. परमजीत परमार ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और उसका उत्सव मनाने की बात कही।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
कार्यक्रम में ढोल-ताशा के साथ ओडिसी, थिरुवथिरा, भरतनाट्यम और कथक नृत्य प्रस्तुत किए गए। गुजरात, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के लोक नृत्यों के साथ स्थानीय भारतीय कलाकारों ने भक्ति संगीत भी प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
'नमस्ते न्यूज़ीलैंड' थीम पर हुई हिंदी दिवस प्रतियोगिताओं (कविता, निबंध, वर्तनी और मुहावरा) तथा पेंटिंग और फ़ोटोग्राफ़ी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। डॉ. प्रेम कुमार और महावाणिज्य दूत ने विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
हिंदी प्रतियोगिता के परिणामों में कविता प्रतियोगिता में मनोज नंद चौधरी ने पहला, रवि गुप्ता ने दूसरा और लाव्या बावा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया; हिंदी वर्तनी प्रतियोगिता में इशिता खरे पहले स्थान पर, मोनिका दूसरे स्थान पर और दीक्षा मालवा तीसरे स्थान पर रहीं; हिंदी मुहावरा प्रतियोगिता में विश्व शर्मा ने पहला, अनीता सिंह ने दूसरा और रविंदर सिंह सहोता ने तीसरा स्थान हासिल किया; हिंदी निबंध प्रतियोगिता में उपासना पाठक पहले, सृष्टि कुक्रेती दूसरे और शशि खट्टर तीसरे स्थान पर रहे।
इस अवसर पर 'भारत-दर्शन' के संपादक रोहित कुमार 'हैप्पी' को हिंदी के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।महावाणिज्य दूतावास के दो वर्ष के कार्यकाल में हिंदी सेवाओं के लिए दिया गया यह पहला सम्मान है।
समापन
कार्यक्रम धन्यवाद प्रस्ताव के साथ संपन्न हुआ, जिसमें कलाकारों, स्वयंसेवकों, सामुदायिक संगठनों और प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
[भारत-दर्शन समाचार]
प्रतिक्रियाएं (Comments) - 0
टिप्पणी लिखें (Write a Comment)