सिंगापुर में हिंदी दिवस पर 'धर्मक्षेत्र' का भव्य आयोजन

‘वसुंधरा’ के तत्वाधान में गीता पर आधारित नाटक बना कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण, मुख्य अतिथि रहीं उप उच्चायुक्त सुधी चौधरी

सिंगापुर: रविवार, 6 सितंबर को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय उच्चायोग सिंगापुर के सहयोग से 'वसुंधरा' के बैनर तले प्रथम सांस्कृतिक कार्यक्रम 'धर्मक्षेत्र' का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सिंगापुर के प्रसिद्ध स्टैमफ़ोर्ड आर्ट्स सेंटर में हुआ। इसका मुख्य आकर्षण गीता पर आधारित हिंदी नाटक की प्रस्तुति रही।

सिंगापुर में हिंदी दिवस पर 'धर्मक्षेत्र' का भव्य आयोजन

नाटक और संगीत की प्रस्तुति

वसुंधरा की संस्थापक और मैथिली सोसायटी सिंगापुर की रचनात्मक निदेशक आराधना झा श्रीवास्तव ने नाटक की पटकथा और संवाद लिखे, निर्देशन किया, और श्रीकृष्ण की केंद्रीय भूमिका भी निभाई। मैथिली सोसायटी के कोषाध्यक्ष राजीव कुमार मिश्रा ने संजय की भूमिका निभाई, जबकि अर्जुन की भूमिका वागीशा वाणी ने निभाई।

गीता के श्लोकों का उच्चारण संस्कृत भारती सिंगापुर के नन्हे विद्यार्थियों ने किया — नेरेला वेंटका निरंजना, लक्ष सदाक्षरी, महती मेधा विष्णु, गगना हेरले, आर्या बेलूर सुरेश और आरना हेगड़े। साथ में उनकी शिक्षिकाएँ श्रीमती चारु श्रीकांत और श्रीमती बृंदा कर्णम् भी मंच पर रहीं।

सिंगापुर इंडियन फ़ाइन आर्ट्स सोसायटी के छात्र अभिनव अंजनी चौधरी और गुरु सुप्रियो बनर्जी ने हारमोनियम-तबले की जुगलबंदी से श्रीकृष्ण भजन प्रस्तुत किया। मैथिली सोसायटी सिंगापुर के युवा कलाकार सक्षम पोद्दार ने बाँसुरी पर मनमोहक श्रीकृष्ण भजन की धुन बिखेरी।

सिंगापुर में हिंदी दिवस पर 'धर्मक्षेत्र' का भव्य आयोजन

नृत्य प्रस्तुतियाँ

गुरु श्रीमती मीरा बालासुब्रमण्यन के नृत्य-निर्देशन में 'कल्पवृक्ष फ़ाइन आर्ट्स' की नृत्यांगनाओं — मातंगी शंकर, माया सैंथिल, नव्या मुथुकृष्णन्, अवंतिका शरद, श्रेया सतीश और विदिशा प्रबोध अहिरे — ने श्री हरि के दशावतार पर आधारित भव्य प्रस्तुति दी। माया सैंथिल ने अर्जुन-श्रीकृष्ण संवाद और विश्व रूप पर आधारित एकल नृत्य भी प्रस्तुत किया।

गुरु श्रीमती सष्मिता पाल के निर्देशन में 'गुरु देबप्रसाद नृत्य धारा' की छात्राओं — सान्वी पाठक, कृतिक त्रिपाठी, अन्वेषा त्रिपाठी, पूजा प्रिया मोहंती, अनुष्मिता और अराधिता सिंह — ने भगवान जगन्नाथ को समर्पित ओड़िसी नृत्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का समापन आराधना झा श्रीवास्तव की जीवन-दर्शन और अध्यात्म पर आधारित कविताओं के पाठ से हुआ। संचालन आद्या श्रीवास्तव ने किया।

मुख्य अतिथि का संबोधन

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय उच्चायोग सिंगापुर की उप उच्चायुक्त सुधी चौधरी उपस्थित रहीं। आराधना झा श्रीवास्तव ने उन्हें मिथिला चित्रकला से सजा दोपट्टा पहनाया और अपने कविता संग्रह 'भारत मुझमें बसता है' की प्रति भेंट की।

अपने संबोधन में सुधी चौधरी ने 'धर्मक्षेत्र' की भारतीय कला-संस्कृति, भाषा, साहित्य और रंगमंच के समन्वय के लिए प्रशंसा की और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने हिंदी दिवस के महत्त्व को रेखांकित करते हुए हिंदी के प्रति अनुराग जगाने का संदेश दिया।

सिंगापुर में हिंदी दिवस पर 'धर्मक्षेत्र' का भव्य आयोजन

पुरस्कार और सम्मान

वर्ष 2026 में विश्व हिंदी सचिवालय द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी नाटक प्रतियोगिता में 'वसुंधरा' की नाट्य मंडली को एशिया एवं ऑस्ट्रेलिया क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार मिला था। इसी उपलब्धि के लिए मंडली के युवा कलाकारों रिद्धिमा मिश्रा और वागीशा वाणी को मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कार-राशि प्रदान की गई।

सुधी चौधरी ने कार्यक्रम के सहभागी कलाकारों और सह-आयोजक रवि श्रीवास्तव के साथ ही आयोजन के सभी सहयोगियों — मैथिली सोसायटी के संस्थापक अंजनी कुमार चौधरी, श्रीमती रितु मिश्रा, रिद्धिमा मिश्रा और रायशा मिश्रा — को शॉल पहनाकर सम्मानित किया।

सृजनात्मक अभिव्यक्तियों से विश्व को जोड़ने वाले सांस्कृतिक सेतु की परिकल्पना से गठित 'वसुंधरा' का यह आयोजन सिंगापुर के कला प्रेमियों और आध्यात्मिक चेतनासंपन्न दर्शकों के मन पर गहरी छाप छोड़ने में सफल रहा।

[भारत-दर्शन समाचार]