आश्रम में आज बहुत चहल-पहल है। अवाहदेवी क्षेत्र में लोगों की आजीविका का मुख्य साधन नौकरी है—चाहे सरकारी हो या प्राइवेट। खेतीबाड़ी नाममात्र की होती है। छुट्टी का दिन है, इसलिए लोग आश्रम में गुरु जी के दर्शनों के लिए आए हैं। कुछ लोग गुरु जी के दर्शनों के साथ-साथ दोपहर में मिलने वाली 'मंडयाली धाम' के लिए भी आए हैं। महिलाओं का गप्पें लड़ाने का यह चहेता स्थान है। पंडाल में शांति छा जाती है और गुरु जी आसन ग्रहण करते हैं।
एक घंटे तक गुरु जी का प्रवचन चलता है। गुरु जी कृष्ण की गोपियों संग रासलीला का बड़ा सुंदर वर्णन करते हैं। काकू गौर से गुरु जी को देख रहा होता है, किंतु काकू का ध्यान गुरु जी के प्रवचनों की तरफ न होकर अपने मन में चल रही कशमकश की तरफ है। प्रवचन खत्म होने के बाद लोग गुरु जी के दर्शनों के लिए उमड़ पड़ते हैं।
राधा बोली—"गुरुजी, मेरा बेटा आज एक साल का हो गया। इसे आशीर्वाद दीजिए। यह आपकी ही कृपा से हुआ है।" गुरु जी मुस्कुरा देते हैं। शादी के आठ साल बाद भी राधा को संतान प्राप्त नहीं हुई थी। तब अपनी सास के कहने पर राधा दो महीने गुरु जी के आश्रम में रही थी और गुरु जी की कृपा से ही उसे संतान प्राप्ति हुई थी। गुरु जी मुस्कुराकर बोले—"यह मेरी नहीं, ईश्वर की कृपा है। पिछले हफ्ते ही जालंधर से एक महिला आई थी, उसे भी मेरे ही कारण पुत्र प्राप्ति हुई। वह आश्रम में सोने की मूर्ति चढ़ा गई।"
राधा अपने सोने के कंगन उतारकर गुरु जी के चरणों में रख देती है। फिर राजो की बारी आती है। राजो ने कहा—"मेरी देवरानी ने मेरे दो लाख रुपए चुराए हैं। गुरु जी, आपकी कृपा से वे पैसे मुझे वापस मिल जाते, तो अच्छा होता।"
गुरु जी बोले—"मिल जाएंगे बेटा। परंतु तुझे उन रुपयों में से एक लाख रुपया यहाँ चढ़ाना पड़ेगा।" महिला कुछ नहीं बोलती। थोड़ी देर तक उसको चुप देखकर गुरु जी बोलते हैं—"बिना श्रद्धा के कुछ नहीं मिलता बेटा।"
बारी-बारी से बहुत से लोग गुरु जी से मिलते हैं। गुरु जी उनसे प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह करते हैं। कुछ लोग उनके आग्रह से पहले ही मंडयाली धाम खाने पहुँच चुके होते हैं। अब पंडाल में बहुत कम लोग बचे हैं।
काकू गुरु जी के पास जाता है और कहता है—"मैंने आपका बहुत नाम सुना है। आज आपके दर्शन करके धन्य हो गया। मैं आपका शिष्य बनना चाहता हूँ, परंतु जब आपको पता चलेगा कि मैं क्या काम करता हूँ, तो आप मुझे अपना शिष्य नहीं बनाएंगे।"
गुरु जी ने पूछा—"पुत्र, तुम क्या काम करते हो?"
काकू—"गुरुजी, मैं भांग बेचने का काम करता हूँ।"
गुरु जी—"पुत्र, क्या तुम इस काम को छोड़ नहीं सकते?"
काकू—"नहीं, मैं इसे नहीं छोड़ सकता। पहले तो मैंने यह काम शौक से किया था, परंतु अब मैं इस धंधे में इतना लिप्त हो गया हूँ कि चाहकर भी इसे नहीं छोड़ सकता।"
गुरु जी—"हमारे लिए सभी व्यक्ति एक समान होते हैं। पानी सबकी प्यास एक समान बुझाता है, चाहे कोई कुछ भी काम करता हो। वायु सबको एक समान प्राण-ऊर्जा देती है। तुम अपना धंधा नहीं छोड़ोगे, मैं इसके लिए तुमसे कहूँगा भी नहीं। परंतु तुम्हें मुझसे एक वादा करना होगा।"
काकू—"आप आदेश दें, गुरुजी।"
गुरु जी—"तुम्हें अपनी पत्नी के सिवा हर नारी को अपनी माँ की तरह देखना होगा। तुम्हें उन्हें 'माताजी' कहना अगर तुम यह वचन दो, तो मैं तुम्हारी भांग के धंधे की गलत आदत छुड़ा दूंगा।"
काकू गुरु जी को वचन दे देता है।
उधर, केहर सिंह अवाहदेवी क्षेत्र के प्रसिद्ध नेता हैं। वह सरकार में उच्च पद पर आसीन हैं। उनकी आयु पचास के करीब है। बचपन में उन्होंने गरीबी की मार को झेला था, आज वह अरबों की संपत्ति के मालिक हैं। व्यवसाय तो उन्होंने कोई किया नहीं, उनकी आमदनी का साधन राजनीति ही रही। भगवान ने उन्हें अथाह धन-संपदा दी, किंतु सबसे बड़ा रत्न—संतान—नहीं दी। उनकी पत्नी सुनीता भी इस बात से दुखी रहती है।
एक दिन सुनीता अपने मायके सधोट से वापस आ रही होती है। चोलथरा के पास उसकी गाड़ी खराब हो जाती है। रात के ग्यारह बजे का समय है। सड़कों पर सन्नाटा छाया हुआ है और बीच-बीच में उल्लू की आवाज़ इस नीरव शांति को भंग कर रही है। काकू भी वहाँ से गुजर रहा होता है। काकू सुनीता की गाड़ी के पास अपनी गाड़ी रोक देता है।
काकू—"माताजी, क्या हुआ? क्या मैं आपकी कोई मदद कर सकता हूँ?"
काकू की उम्र सुनीता से आठ-दस वर्ष ही कम होगी। सुनीता ने अपनी देह का खूब ध्यान रखा था। माँ न बनने के कारण भी उसके शरीर की कसावट ढीली न हुई थी। काकू के 'माताजी' बोलने के कारण सुनीता चौंक गई।
सुनीता—"मेरी गाड़ी का टायर पंचर हो गया है।"
काकू—"माताजी, मैं अभी इसे बदल देता हूँ।"
काकू गाड़ी का टायर बदल देता है।
सुनीता ने पूछा—"तुम क्या काम करते हो?"
काकू—"माताजी, मैं कुछ नहीं करता।"
सुनीता—"कल हमारे घर आ जाओ। मैं उनसे कहके तुम्हें कुछ काम दिला दूंगी।"
अगले दिन काकू सुनीता के घर पहुँच जाता है। सुनीता काकू को काम दिला देती है। धीरे-धीरे दोनों की घनिष्ठता बढ़ने लगती है।
एक दिन सुनीता ने बताया—"हमारे कोई संतान नहीं हुई। संतान प्राप्ति की इच्छा से उन्होंने एक लड़की को अपनी रखैल रखा हुआ है। वे चोरी-छिपे उसके पास जाते रहते हैं।"
काकू सुनीता को विश्वास दिलाता है कि वह उस लड़की से नेताजी को छुड़ाकर वापस उसके पास ले आएगा। काकू उस लड़की का पता सुनीता से ले लेता है और उस लड़की से मिलना शुरू कर देता है।
पाँच महीने बीत जाते हैं। काकू से नेताजी बहुत प्रभावित होते हैं। एक दिन नेताजी सुनीता से कहते हैं—"हमारी कोई संतान नहीं है। मैंने संतान के लिए एक लड़की को रखा, उससे भी संतान प्राप्ति नहीं हुई। मैं इसके लिए तुमसे क्षमाप्रार्थी हूँ। मैं तुम्हें विश्वास दिलाता हूँ कि अब उस लड़की से कभी नहीं मिलूँगा। मैं अपनी सारी संपत्ति काकू को दे देना चाहता हूँ।"
सुनीता भी इससे सहमति जताती है। दोनों अपनी सारी संपत्ति काकू के नाम कर देते हैं।
काकू जायदाद के बंदोबस्त में व्यस्त हो जाता है। उसे पता ही नहीं चलता कि कब उसकी भांग पीने की आदत छूट गई। काकू गुरु जी का धन्यवाद करने सुनीता के साथ आश्रम जाता है। सुनीता देखती है कि काकू की शक्ल गुरु जी से बहुत मिलती है।
दो वर्ष बीत जाते हैं और उधर उसी लड़की से नेताजी को भी पुत्र-रत्न की प्राप्ति होती है!
— विनय कुमार
ई-मेल: vinayrana5326@gmail.com
प्रतिक्रियाएं (Comments) - 0
टिप्पणी लिखें (Write a Comment)