एक समय की बात है। बिजनौर जिले के एक गाँव कुम्हारपुर में एक जमींदार के घर एक प्यारी सी लड़की शशिबाला का जन्म हुआ। शशि बचपन से ही मेधावी, गृहकार्य-दक्ष और मृदुभाषी थी। बहुत बड़ा घर था उनका, लेकिन उस समय लड़कियों को इतनी स्वतंत्रता नहीं थी कि वे बाहर जाकर पढ़ें या खेलें। उस समय लड़कियों की ज़िंदगी घर की चार दीवारों में कैद हुआ करती थी। बस एक बात अच्छी थी कि घर बड़े और खुले हुआ करते थे। पड़ोसी भी परिवार की तरह हुआ करते थे, दो घरों के बीच की दीवार छोटी रखी जाती थी और उसमें बात करने के लिए एक खिड़की होती थी, जिससे घरों की महिलाएँ आपस में बात कर सकें और अपने सुख-दुख साझा कर सकें।

घरों की छतें भी आपस में जुड़ी होती थीं, जिस पर सबके बच्चे साझा खेल सकें। उस समय घर के मुख्य द्वार के सामने एक खुला कमरा ज़रूर बनाया जाता था, जिसमें एक खिड़की घर के अंदर खुलती थी; इसका उपयोग मेहमानों के लिए खाने-पीने की वस्तुएँ लेने के लिए होता था। उस अतिथि कक्ष में घर के पुरुष अपनी बैठकें लगाते थे, जहाँ महिलाओं को जाने की अनुमति नहीं थी।

पढ़ने में मेधावी छात्रा रहीं शशि ने हाईस्कूल में पूरे गाँव में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सिलाई, कढ़ाई, बुनाई और पाक-कला में निपुण शशि गणित में भी बहुत तीव्र छात्रा थीं। उस समय लड़कियों का विवाह जल्दी हो जाता था। मात्र 17 वर्ष की उम्र में शशि का विवाह एक अन्यगाँव में हो गया और आगे की पढ़ाई के लिए उन्हें मना कर दिया गया।

उन्होंने चोरी-छिपे सरकारी नौकरी का फॉर्म भरा था और प्राइमरी अध्यापिका के लिए उनका चयन भी हो गया था, किंतु घरवालों के विरोध के कारण उन्हें मन मारकर रहना पड़ा और अध्यापिका बनने का ख्वाब वहीं दफन हो गया।

उनकी शादी एक गरीब संयुक्त परिवार में हुई थी। जिस लड़की ने अपने मायके में अमीरी और लाड़-प्यार देखा था, उस पर विवाह होते ही ज़िम्मेदारियाँ आ गईं। विवाह के समय उनकी माँ ने एक ही सीख दी थी— "बेटा! खामोशी ही सब सवालों का जवाब है। मौन ही रहना। अगर ससुराल में कोई कुछ कहे, तो प्रतिउत्तर न करना।"

उनकी जेठानी बड़ी तेज़-तर्रार थीं, जो चालाकी से अपना काम निकलवा लेती थीं और सास के सामने शशि को ही बुरा बना देती थीं। वह अमीर घर की नाज़ुक सी लड़की जबसे गरीब घर की बहू बनी, चौका-चूल्हा और घर के सारे काम करने लगी और अपने सपनों को जैसे भूल ही गई। उस समय चूल्हे पर खाना बनाया जाता था।

उनकी दो ननदें थीं, जो बहुत आलसी थीं और घर के काम में कभी सहायता नहीं करती थीं। दो देवर थे, जो पढ़ाई में लापरवाह और नखरों में अव्वल थे। पूरे खानदान का खाना शशि अकेले ही बनाती थीं। घर के सारे काम चुपचाप करती रहतीं और अपनी किस्मत मानकर कभी किसी से कुछ न कहतीं, बस मन ही मन ईश्वर को याद करती रहतीं।

एक दिन जब वह आँगन में बर्तन माँज रही थीं, तभी पीछे से उनकी जेठानी आईं और बुरा-भला कहते हुए उनकी पीठ पर लात मार दी। शशि के बहुत चोट लगी, लेकिन वह कुछ न बोलीं। जब उनकी पहली संतान हुई, तब भी उन्हें आराम नहीं मिला।

उस समय एक कहावत कही जाती थी— "जिसका जापा आराम से कट जाए, उसका जीवन सुधर गया।"

जब उनकी लड़की हुई और वह मात्र छह दिन की ही थीं, तब उनकी बड़ी ननद ने उनसे जबरदस्ती अपने लिए फ्रॉक सिलवाए, चूल्हे पर खाना बनवाया और घर का सारा काम करवाया। इन सब कामों को करते-करते शशि का शरीर बहुत कमज़ोर हो गया, आँखें भी धुंधला देखने लगीं। सबकी सेवा करने में उन्होंने अपने शरीर का ध्यान ही नहीं रखा।

विवाह के पंद्रह साल बाद जब उनके पति की नौकरी शहर में लगी, तब उनके पति उन्हें भी अपने साथ ले गए। लेकिन तब तक उनका शरीर बहुत कमज़ोर हो चुका था और वह अक्सर बीमार रहने लगीं। उनके पति पुलिस में थे और अक्सर बाहर ही रहते थे, इसलिए घर और बच्चों की पूरी ज़िम्मेदारी उन्हीं पर थी। उन दोनों के पाँच बच्चे हुए—तीन लड़कियाँ और दो लड़के। उनके पति का स्वभाव हिटलर जैसा था; मुँह से बात निकली नहीं कि तुरंत आज्ञा का पालन होना चाहिए। ज़रा सी भी देर होने पर वह मार-पीट करते थे।

शशि को शहर में भी आज़ादी नहीं थी। अपनी मर्जी से वह न तो कहीं जा सकती थीं और न ही कुछ खरीद सकती थीं। फिर भी वह स्वतंत्र विचारों वाली महिला थीं; उन्होंने अपने बच्चों को पढ़ाया और अच्छे संस्कार दिए। उनके बच्चों में ही उनकी जान बसती थी।

शशि ने कभी अपने लिए आवाज़ नहीं उठाई और न ही किसी बात का विरोध किया। वह अपने पति को ही परमेश्वर मानती थीं और उनके चरणों में ही स्वर्ग चाहती थीं। कभी मार-पीट का विरोध नहीं किया, बस अकेले में छुपकर रो लेती थीं।

उनके पति समाज में इज़्ज़तदार आदमी थे, लेकिन विचार बहुत पुराने थे। वह अपनी पत्नी को गुलाम बनाकर रखते थे और उनका मानना था कि पत्नी का धर्म केवल उनकी सेवा करना, उनकी आज्ञा मानना और किसी भी बात का विरोध न करना है। जब तक शशि के पति घर नहीं आते थे, वह दरवाज़ा खोलने के लिए वहीं कुर्सी डालकर बैठी रहती थीं, चाहे कितनी ही रात हो जाए। डर के मारे उन्हें नींद ही नहीं आती थी।

शशि बहुत ही धार्मिक महिला थीं। वह अपना दुःख किसी को नहीं बताती थीं और सबसे अपने पति की तारीफ कर उन्हें भगवान बताती थीं। जब सब बच्चों की शादी हो गई, तो वे सभी अपनी ससुराल में जाकर बस गए और घर पर मात्र दो प्राणी रह गए—शशि और उनके पति।

एक बार कसरत करते समय शशि के पति घायल हो गए। उनकी कोई नस खिंच गई और उन्हें 'स्लिप डिस्क' की समस्या हो गई। डॉक्टर ने उन्हें छह महीने तक बिस्तर पर ही रहने की सलाह दी। ऐसे बुरे समय में उनका कोई भी बच्चा उनका हाल जानने या उनकी सेवा करने नहीं आया।

ऐसे में शशि ही उनकी एकमात्र सहारा थीं। अब पति को अपनी लाचारी में अपने द्वारा किए गए गलत व्यवहार का अहसास हुआ। बुरे वक़्त में शशि ने उनकी दिन-रात एक करके बहुत सेवा की। वह तो अपने पति को भगवान मानती थीं, इसलिए अपने बारे में सोचना बिल्कुल भूल गईं। घर का सारा काम, मरीज़ की देखभाल, समय पर दवा देना, उन्हें नहलाना, साफ वस्त्र पहनाना, अच्छा खाना बनाना और रोज़ गीता-रामायण पढ़कर सुनाना—यह सब उन्होंने तन्मयता से किया।

घर का हो या बाहर का काम—जैसे राशन लाना, गेहूँ पिसवाना या दवा लाना—शशि ने सब हँसकर किया। कभी कोई शिकायत नहीं की और न ही कभी चेहरे पर शिकन आने दी। मानो ईश्वर उनकी कठिन परीक्षा ले रहा हो।

धीरे-धीरे उनकी मेहनत रंग लाई और उनके पति का स्वास्थ्य सुधरने लगा। लगभग एक वर्ष के बाद वे पूरी तरह स्वस्थ हो चुके थे और अपने सारे काम स्वयं करने लगे थे। तब उन्हें अपनी गलती पर गहरा पछतावा हुआ। उन्होंने शशि से अपने किए गए बुरे व्यवहार के लिए क्षमा माँगी और उनका पूरा ध्यान रखने लगे व उनका सम्मान करने लगे। जिन बच्चों ने उनके बुरे समय में सुध नहीं ली थी, उन्हें उन्होंने अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया और सारी संपत्ति वृद्धाश्रम को दान करके शशि के साथ तीर्थ-यात्रा पर निकल गए।

— डॉ. वंदना शर्मा
पांडव नगर, नई दिल्ली
ई-मेल : vandna.reporter@gmail.com