भारत के केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का न्यूज़ीलैंड दौरा 

रचनाकार: भारत-दर्शन समाचार

भारत के केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का न्यूज़ीलैंड दौरा

05 नवंबर 2025 (ऑकलैंड) :  भारत के केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस समय न्यूजीलैंड के दौरे पर हैं, जहाँ दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए कई उच्च-स्तरीय बैठकों और कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। यह उनकी न्यूजीलैंड की पहली आधिकारिक यात्रा है, जो 5 से 8 नवंबर 2025 तक जारी रहेगी।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री, पीयूष गोयल आज ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले के साथ मुक्त व्यापार समझौता (FTA) पर वार्ता कर रहे हैं। यह बैठक दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को एक नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।

दोनों पक्ष इस समय एफटीए के चौथे दौर की बातचीत में सम्मिलित हैं, जो 3 नवंबर से ऑकलैंड में चल रही है। इसमें माल व्यापार, सेवाएँ, और उत्पत्ति नियम (Rules of Origin) जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इस वार्ता का लक्ष्य अगले कुछ महीनों में एक व्यवहारिक समझौते का मसौदा तैयार करना है।

अपनी यात्रा के दौरान पीयूष गोयल ऑकलैंड और वेलिंगटन में आयोजित कई व्यावसायिक कार्यक्रमों में भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल और न्यूजीलैंड के उद्योग जगत के प्रमुख सदस्यों से मिल रहे हैं। इन बैठकों का उद्देश्य भारत-न्यूजीलैंड के बीच नवाचार, निवेश, तकनीकी साझेदारी और स्टार्टअप सहयोग को बढ़ावा देना है।

न्यूजीलैंड सरकार ने भी भारत को “इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में एक प्रमुख आर्थिक भागीदार” बताते हुए इस यात्रा का स्वागत किया है। न्यूजीलैंड के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह संवाद दोनों देशों के बीच “गहरी, व्यापक और टिकाऊ साझेदारी” की दिशा में एक बड़ा कदम है। हालाँकि, डेयरी उत्पादों और कृषि क्षेत्र से जुड़े कुछ मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं, लेकिन वार्ता में अब तक सकारात्मक प्रगति दर्ज की गई है।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री, पीयूष गोयल की यह यात्रा भारत और न्यूजीलैंड के बीच बढ़ते आर्थिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

[भारत-दर्शन समाचार]