राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह सी. आर. मुकुंद का ऑकलैंड दौरा

रचनाकार: भारत-दर्शन समाचार

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सह सरकार्यवाह सी. आर. मुकुंद

6 अक्टूबर 2025 (ऑकलैंड) : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरकार्यवाह (उप महासचिव) सी. आर. मुकुंद  7 और 8 अक्टूबर को ऑकलैंड का दौरा कर रहे हैं। यह यात्रा  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत संगठन अपने मिशन, दृष्टिकोण और समाज में योगदान से लोगों को अवगत करवा रहा है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी सामाजिक संगठन है, जिसके लगभग 40 लाख समर्पित स्वयंसेवक सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इस वर्ष संगठन अपनी शताब्दी (100वाँ वर्ष) मना रहा है और इसी क्रम में वरिष्ठ पदाधिकारी विभिन्न देशों की यात्राएँ कर रहे हैं।

ऑकलैंड प्रवास के दौरान सह सरकार्यवाह मुकुंद विभिन्न व्यक्तियों और समूहों से मुलाकात करेंगे। इसके माध्यम से वे संघ के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और समाज के प्रति योगदान की जानकारी देंगे। यह प्रवासी भारतीय समुदाय के लिए एक वरिष्ठ आरएसएस नेता से सीधे संवाद करने का एक विशेष अवसर होगा।

मीडिया के साथ एक विशेष बैठक 8 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12 बजे निर्धारित की गई है। यह कार्यक्रम होटल सुदिमा एयरपोर्ट में आयोजित होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए महेश बिंद्रा (0210 611 905) से संपर्क किया जा सकता है।

सी. आर. मुकुंद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की नई कार्यकारिणी का हिस्सा हैं। संघ के महासचिव (सरकार्यवाह) दत्तात्रेय होसबले ने 2024-27 के कार्यकाल के लिए 6 सह-सरकार्यवाह नियुक्त किए हैं, जिनमें सी. आर. मुकुंद सम्मिलित हैं।

[भारत-दर्शन समाचार]