इस वर्ष दिवाली 8 नवंबर को है, पर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों में रोशनी का यह पर्व अलग-अलग तिथियों पर, अलग-अलग रूपों में मनाया जाता है।

मा नः कोशं तथा गोष्ठं मा गृहं मा परिच्छदम्। 
मा शरीरं कलत्रं च त्यजेथाः सर्वपावनि॥

अर्थात् हे सर्वपावनी लक्ष्मी! आप हमारे कोश (धन-भंडार), गोशाला, घर, साज-सामान, शरीर और पत्नी को कभी न त्यागें। 
[विष्णु पुराण, प्रथम अंश, अध्याय 9 (इंद्र द्वारा की गई श्री-स्तुति)]

देश-विदेश में दिवाली
इस वर्ष कार्तिक अमावस्या पर दिवाली 8 नवंबर 2026, रविवार को मनाई जाएगी। विदेशों में भी इसकी धूम है। अमरीका के कैलिफोर्निया की स्टेट असेंबली ने 20 अगस्त (गुरुवार) को प्रस्ताव (एचआर 137) पारित कर रविवार, 8 नवंबर 2026 को दिवाली दिवस के रूप में मान्यता दी और राज्य के सभी नागरिकों को इस उत्सव में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया। यह प्रस्ताव असेंबली सदस्य दर्शना पटेल और ऐश कालरा ने 13 अगस्त को प्रस्तुत किया था। इसके माध्यम से भारतीय अमेरिकियों और दुनिया भर में बसे भारतीय समुदाय के प्रति गहरा सम्मान भी व्यक्त किया गया है।

 उल्लेखनीय है कि 2025 में राज्यपाल गेविन न्यूसम ने असेंबली बिल 268 पर हस्ताक्षर कर दिवाली को 2026 से राज्य का अवकाश घोषित किया था।

पहाड़ों में एक और दिवाली
जब मैदानों में दीपों की कतारें बुझ चुकी होती हैं, तब हिमाचल और उत्तराखंड के कई पहाड़ी क्षेत्रों में दिवाली का उत्सव शुरू होता है। मार्गशीर्ष (मंगसीर) महीने की अमावस्या पर, यानी लगभग एक महीने बाद मनाई जाने वाली इस दिवाली को स्थानीय लोग 'बूढ़ी दिवाली' कहते हैं। इस वर्ष यह अमावस्या 8 दिसंबर, मंगलवार को है (स्थानीय पंचांग और देव-परंपरा के अनुसार गाँव-गाँव में एक-दो दिन का अंतर संभव है)।

इस वर्ष की प्रमुख तिथियाँ
•    8 नवंबर, रविवार — दिवाली (कार्तिक अमावस्या)
•    20 नवंबर, शुक्रवार — इगास बग्वाल / हरिबोधिनी (देवउठनी) एकादशी, उत्तराखंड
•    8 दिसंबर, मंगलवार — मार्गशीर्ष अमावस्या: हिमाचल की बूढ़ी दिवाली और उत्तराखंड की मंगसीर बग्वाल

हिमाचल प्रदेश: बूढ़ी दिवाली
हिमाचल में यह पर्व कुल्लू के आनी और निरमंड, मंडी के करसोग, सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र (शिलाई, संगड़ाह, राजगढ़) और शिमला के चौपाल क्षेत्र में मनाया जाता है। इसे 'बूढ़ी दयावड़ी' भी कहा जाता है। यह उत्सव तीन से सात दिन तक चलता है। परंपरागत रूप से इसमें पटाखे नहीं चलाए जाते। देवदार और चीड़ की लकड़ी की मशालें जलाकर गाँव के चारों ओर घूमा जाता है और रात भर ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य और लोकगायन होता है। मेलों में स्थानीय बोली में पौराणिक पात्रों से जुड़े गीत गाए जाते हैं और पारंपरिक पकवान बनते हैं।

हिमाचल प्रदेश: बूढ़ी दिवाली

सिरमौर के गिरिपार में हाटी समुदाय के लगभग 440 गाँवों में यह पर्व सप्ताह भर चलता है। आधी रात के बाद गाँव के साझा आँगन में लोकगायकों की टोलियाँ परंपरागत वाद्यों के साथ गाती हैं और मूड़ा (भुने अनाज) जैसे पारंपरिक व्यंजन बनते हैं।

यह पर्व क्यों मनाया जाता है? इसके पीछे कई लोक-कथाएँ प्रचलित हैं:
रामकथा: कहा जाता है कि राम के लंका-विजय और अयोध्या-वापसी का समाचार इन दुर्गम इलाकों में एक महीने बाद पहुँचा, इसलिए यहाँ दिवाली देर से मनाई गई।

इंद्र और वृत्रासुर: निरमंड में लोग वृत्रासुर और इंद्र की सेनाओं के रूप में दो दलों में बँट जाते हैं और एक जलती मशाल को छीनने की होड़ करते हैं। इसे पौराणिक कथाओं में दर्ज इंद्र–वृत्रासुर युद्ध का प्रतीक माना जाता है।

परशुराम और निरमंड: कुल्लू के निरमंड को स्थानीय लोग 'काशी' (पहाड़ी काशी) कहते हैं। मान्यता है कि इसे भगवान परशुराम ने बसाया था। कथा है कि भ्रमण के दौरान सर्प के वेश में एक दैत्य ने उन पर आक्रमण किया और परशुराम ने फरसे से उसका वध कर दिया। राहत पाए लोगों ने जो उत्सव मनाया, वही बूढ़ी दिवाली के रूप में चला आ रहा है।

राजा बलि: कुछ लोग इसे राजा बलि की कथा से भी जोड़ते हैं।

जहाँ दिवाली नहीं मनती: हमीरपुर जिले का सम्मू गाँव (जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर) ऐसा है, जहाँ ग्रामीणों के अनुसार सैकड़ों वर्षों से दिवाली नहीं मनाई जाती। लोक-मान्यता है कि दिवाली के दिन अपने सैनिक पति को खो चुकी एक गर्भवती महिला ने सती होकर गाँव को दिवाली न मनाने का श्राप दिया था। ग्रामीणों का विश्वास है कि पर्व मनाने पर आग लगने या अकाल मृत्यु जैसी विपत्ति आती है। यहाँ विशेष पकवान नहीं बनते, आतिशबाजी नहीं होती और गाँव सती की मूर्ति की पूजा करता है।

उत्तराखंड: इगास, मंगसीर बग्वाल और कुमाऊँ की बूढ़ी दिवाली

उत्तराखंड में दिवाली को 'बग्वाल' भी कहा जाता है, और यह यहाँ एक नहीं, कई तिथियों और रूपों में मनाई जाती है।

इगास बग्वाल (गढ़वाल): यह दिवाली के 11 दिन बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी पर मनाई जाती है; 'इगास' शब्द एकादशी का ही अपभ्रंश माना जाता है। इसे 'बूढ़ी दिवाली' भी कहते हैं। इस वर्ष यह 20 नवंबर, शुक्रवार को है और उत्तराखंड में इस दिन अवकाश रहता है। एक मान्यता है कि राम की अयोध्या-वापसी का समाचार पहाड़ों में 11 दिन बाद पहुँचा। दूसरी लोक-कथा गढ़वाल नरेश महिपत शाह के सेनापति माधो सिंह भंडारी (17वीं शताब्दी) से जुड़ी है। कहा जाता है कि तिब्बती हमलावरों से निपटने के लिए राजा ने माधो सिंह भंडारी और लोदी रिखोला के नेतृत्व में सेना भेजी, जो चमोली के पैनखंडा और उत्तरकाशी के टकनौर क्षेत्र से होकर गई। तिब्बत के दावाघाट में विजय के बाद सेनापति लौटे तो उनके स्वागत में दीपावली मनाई गई।

इगास पर लोग गाँव के खेत या खलिहान में जुटकर 'भैला' (चीड़ या देवदार की लकड़ी की जलती मशाल) को अपने चारों ओर घुमाते हैं। पशुओं की पूजा की जाती है और उन्हें चिवड़ा (चूड़ा), दूध और घी खिलाया जाता है। घरों में अरसा, पूरी और पकौड़े जैसे पारंपरिक पकवान बनते हैं। अब प्रवासी उत्तराखंडी देश-विदेश में भी इसे मनाने लगे हैं।

मंगसीर बग्वाल: दिवाली के ठीक एक माह बाद, मार्गशीर्ष अमावस्या पर यह पर्व टिहरी के जौनपुर, उत्तरकाशी के रवाँई-बाड़ाहाट और देहरादून के जौनसार-बावर जैसे ऊँचे क्षेत्रों में मनाया जाता है। एक मान्यता के अनुसार माधो सिंह भंडारी की विजय का समाचार इन दूरस्थ इलाकों में एक महीने बाद पहुँचा। यह समय शीतकालीन फसल की कटाई पूरी होने का भी होता है, इसलिए गाँव सामूहिक भोज, मेले, ढोल-दमाऊँ की थाप पर रासो-तांदी जैसे लोकनृत्य और भैला के साथ उल्लास मनाते हैं। यह पर्व सामाजिक एकता और लोक-संस्कृति का जीवंत उदाहरण है।

कुमाऊँ की बूढ़ी दिवाली: कुमाऊँ में हरिबोधिनी एकादशी (इस वर्ष 20 नवंबर) को 'टकटकु एकादशी' या 'बूढ़ी दिवाली' कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की निद्रा से जागते हैं। बुजुर्गों के अनुसार दिवाली महालक्ष्मी की तीन अवस्थाओं का प्रतीक है: शरद पूर्णिमा की 'नानि दिवाई' बाल अवस्था, मुख्य अमावस्या की 'ठुलि दिवाई' यौवन और हरिबोधिनी एकादशी की 'बुढ़ि दिवाई' वृद्धावस्था।

बूढ़ी दिवाली

इस दिन तड़के महिलाएँ पूजन करती हैं। गेरू से लीपे सूप में लक्ष्मी-नारायण और 'भुइयाँ' की आकृतियाँ बिस्वार (चावल के घोल) से बनाई जाती हैं, जिन्हें कुमाऊँ की ऐपण कला का अंग माना जाता है। सूप में खील, बताशे, अखरोट और अनार के दाने रखकर गन्ने के टुकड़े से उसे पीटा जाता है और घर के हर कोने में घुमाया जाता है। 'भुइयाँ' दुःख, दरिद्रता और रोग का प्रतीक है, जिसे घर से बाहर निकाला जाता है और लक्ष्मी-नारायण को बैठने का आमंत्रण दिया जाता है: “आओ लक्ष्मी बैठो नरैणा, निकल भुईयां, निकल भुईयां।” बाद में सूप को घर के पिछवाड़े के ओखल में विसर्जित कर दिया जाता है।

पर्व जो पहाड़ की स्मृति सँजोते हैं

कहीं मशालों की रोशनी, कहीं भैला का घूमता अग्निचक्र, कहीं सूप पीटकर दरिद्रता को विदा करती महिलाएँ और कहीं श्राप की स्मृति में दीपक-विहीन गाँव: पहाड़ की ये परंपराएँ बताती हैं कि दिवाली केवल एक तिथि का पर्व नहीं, बल्कि लोक-स्मृति, कृषि-चक्र, पशुपालन और सामूहिक उल्लास का उत्सव भी है। दिवाली की शुभकामनाओं के साथ, देवी लक्ष्मी की यह स्तुति:

न ते वर्णयितुं शक्ता गुणाञ्जिह्वापि वेधसः। 
प्रसीद देवि पद्माक्षि माऽस्मांस्त्याक्षीः कदाचन॥

अर्थात् हे कमलनयनी देवी! ब्रह्मा की जिह्वा भी आपके गुणों का वर्णन करने में समर्थ नहीं है। आप प्रसन्न हों और हमें कभी न त्यागें।

त्वयाऽवलोकिताः सद्यः शीलाद्यैरखिलैर्गुणैः। 
कुलैश्वर्यैश्च युज्यन्ते पुरुषा निर्गुणा अपि॥

अर्थात् आपकी दृष्टि पड़ते ही निर्गुण मनुष्य भी शील आदि समस्त गुणों तथा उत्तम कुल और ऐश्वर्य से युक्त हो जाते हैं। 
[विष्णु पुराण 1.9]

-मदन लाल गुप्ता, अमरीका
 ई-मेल :
madangupta305@yahoo.com


[दिवाली 2026]