राष्ट्रभाषा के बिना आजादी बेकार है। - अवनींद्रकुमार विद्यालंकार

गीत गाने को दिए पर स्वर नहीं

गीत गाने को दिए पर स्वर नहीं | Hindi Geet by Shivmangal Singh Suman

दे दिए अरमान अगणित
पर न उनकी पूर्ति दी,
कह दिया मन्दिर बनाओ
पर न स्थापित मूर्ति की।

यह बताया शून्य की आराधना करते रहो--
चिर-पिपासित को दिया मरुथल, मगर निर्भर नहीं !
गीत गाने को दिए पर स्वर नहीं ?

स्नेह का दीपक जलाकर
आह और कराह दी,
रूप मृण्मय दे, हृदय में
अमरता की चाह दी।

कह दिया बस मौन होकर साधना करते रहो--
'पा जिसे तू जी सका, खोकर उसे तू मर नहीं !'
गीत गाने को दिए पर स्वर नहीं ?

गगन सीमाहीन, दुस्तर सिन्धु
परिधि अथाह दी,
आदि-अन्त-विहीन, मुझको
विषम-बीहड़ राह दी।

कह दिया, अविराम जग में भटकते फिरते रहो--
कर प्रवासी दे दिया परदेश, लेकिन घर नहीं !
गीत गाने को दिए पर स्वर नहीं ?

-शिवमंगल सिंह ‘सुमन’

 

प्रतिक्रियाएं (Comments) - 0

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप करें!

टिप्पणी लिखें (Write a Comment)

CAPTCHA

मेरी पसंदीदा रचनाएँ

आपने अभी तक कोई रचना सहेज कर नहीं रखी है।