देशभाषा की उन्नति से ही देशोन्नति होती है। - सुधाकर द्विवेदी।

बापू महान | कविता

बापू महान, बापू महान!
ओ परम तपस्वी परम वीर
ओ सुकृति शिरोमणि, ओ सुधीर
कुर्बान हुए तुम, सुलभ हुआ
सारी दुनिया को ज्ञान
बापू महान, बापू महान!!

बापू महान, बापू महान
हे सत्य-अहिंसा के प्रतीक
हे प्रश्नों के उत्तर सटीक
हे युगनिर्माता, युगाधार
आतंकित तुमसे पाप-पुंज
आलोकित तुमसे जग जहान!
बापू महान, बापू महान!!

दो चरणोंवाले कोटि चरण
दो हाथोंवाले कोटि हाथ
तुम युग-निर्माता, युगाधार
रच गए कई युग एक साथ ।

तुम ग्रामात्मा, तुम ग्राम प्राण
तुम ग्राम हृदय, तुम ग्राम दृष्टि
तुम कठिन साधना के प्रतीक
तुमसे दीपित है सकल सृष्टि ।

- नागार्जुन [नागार्जुन रचनावली]
21.09.1969

 

प्रतिक्रियाएं (Comments) - 1

d
dhenuka dhenukakashmire@gmail.com
02-Oct-2015 15:12
गांधीजी पर कविता बहुत अच्छी है.
मुझे इनकी आवश्यकता थी,
मदद के लिए धन्यवाद.

टिप्पणी लिखें (Write a Comment)

CAPTCHA

मेरी पसंदीदा रचनाएँ

आपने अभी तक कोई रचना सहेज कर नहीं रखी है।