ऑकलैंड में भारत के महावाणिज्य दूतावास द्वारा हिंदी दिवस आयोजित

न्यूज़ीलैंड (20 सितंबर 2026): ऑकलैंड स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास द्वारा 19 सितंबर 2026 को चांसरी परिसर में 'हिंदी दिवस 2026' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महावाणिज्य दूतावास में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिनमें 60 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में वाणिज्य दूत एवं चांसरी प्रमुख संजीव कुमार ने सभी प्रतियोगियों का स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व और इसके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में काव्य-पाठ, निबंध-लेखन, शब्द ज्ञान, मुहावरा पहचानो और वीडियो निर्माण जैसी कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेताओं को 27 सितंबर को आयोजित 'नमस्ते न्यूज़ीलैंड 2026' के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन रूपा सचदेव ने किया।

नवाचार और हिंदी
पिछले आयोजन की तरह ही इस बार भी शब्द ज्ञान और मुहावरा पहचानो प्रतियोगिता हेतु नवाचार का उपयोग करते हुए ऐसे वीडियो निर्मित किए गए, जो स्क्रीन पर शब्दों/वाक्यों को रोमन में प्रदर्शित करने के साथ ही उनका उच्चारण करता था और प्रतियोगी उन्हें अपनी नोटबुक में क्रमवार लिखता था। मुहावरा पहचानो में भी इसी तकनीक का उपयोग किया गया।
महावाणिज्य दूतावास परिसर में ऐतिहासिक 'हिंदी दिवस' आयोजन
यह आयोजन ऑकलैंड स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित पहला आधिकारिक 'हिंदी दिवस' था। इससे पूर्व, इसी वर्ष जनवरी में महावाणिज्य दूतावास ने 'विश्व हिंदी दिवस' का भी सफल आयोजन किया था।
हिंदी के ये दोनों उत्सव ऐतिहासिक महत्व रखते हैं। इससे पहले ऑकलैंड में हिंदी से जुड़े आयोजन मुख्यतः सामाजिक स्तर पर विभिन्न हिंदी संस्थाओं के सहयोग से मुख्यतः 'भारत-दर्शन पत्रिका' द्वारा आयोजित किए जाते रहे हैं लेकिन ऑकलैंड में भारत के महावाणिज्य दूतावास की स्थापना के साथ ही पत्रिका का अनुरोध रहा है कि अब आयोजन आधिकारिक तौर पर हों। वर्ष 2026 से इन आयोजनों की आधिकारिक शुरुआत महावाणिज्य दूतावास परिसर में होने से स्थानीय हिंदी प्रेमी और भारतीय समुदाय उत्साहित है। भारतीय समुदाय ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा चांसरी प्रमुख संजीव कुमार की सक्रिय भूमिका को विशेष रूप से सराहा गया है।
गौरतलब है कि ऑकलैंड में भारत के महावाणिज्य दूतावास का कार्यालय गुरुवार, 5 सितंबर 2024 से सुचारु हुआ था और हाल ही में इसने अपनी स्थापना की दूसरी वर्षगांठ भी मनाई है।
सनद रहे
विश्व हिंदी दिवस प्रतियोगिता के विजेता एवं पुरस्कार
महावाणिज्य दूतावास द्वारा इस हिंदी दिवस से पहले जनवरी में आयोजित 'विश्व हिंदी दिवस' की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार राशि एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जा चुका है, जिसमें प्रथम पुरस्कार विजेता को 200 न्यूज़ीलैंड डॉलर, द्वितीय को 150 न्यूज़ीलैंड डॉलर तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 100 न्यूज़ीलैंड डॉलर की राशि प्रदान की गई थी।
काव्य-पाठ प्रतियोगिता के वयस्क वर्ग में गुरदीप कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त्त किया था, जबकि बाल प्रतियोगिता वर्ग में सान्वी भार्गव द्वितीय और लावण्या बावा तृतीय स्थान पर रहीं थीं।
निबंध-लेखन प्रतियोगिता के वयस्क वर्ग में सृष्टि मौदगिल ने प्रथम, राजीव कुमार ने द्वितीय और प्रोमिला दुआ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया; वहीं कनिष्ठ वर्ग में (11 से 18 वर्ष आयु समूह) मिशिका चावला ने प्रथम स्थान, तथा (10 वर्ष तक के आयु समूह में) वेदांत दास ने द्वितीय और अनंजय भाटी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
श्रुतलेख प्रतियोगिता में पल्लवी दास ने प्रथम, जयदीप सिंह भाटी ने द्वितीय और राजेश जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर पुरस्कार अपने नाम किए।
[भारत-दर्शन समाचार]
प्रतिक्रियाएं (Comments) - 0
टिप्पणी लिखें (Write a Comment)