13 दिसंबर, 2017 (भारत): हिन्द पाकेट बुक्स के संस्थापक 94 वर्षीय 'दीनानाथ मल्होत्रा' का 13 दिसंबर, 2017 को नई दिल्ली में देहांत हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ थे। देहांत से कुछ घंटे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी उनका स्वास्थ्य जानने उनके घर पहुंचे थे।
22 फरवरी, 1923 को लाहौर, पकिस्तान (अविभाजित भारत) में जन्मे दीनानाथ ने भारतीय कापी राइट एक्ट का प्रारूप तैयार किया था। पद्मश्री से सम्मानित मल्होत्रा को यूनेस्को ने भी सम्मानित किया था। उन्होंने अपने जीवनकाल में हिन्द पाकेट बुक्स के माध्यम से 6500 लेखकों की किताबों का प्रकाशन करके हिंदी साहित्य की अपूर्व सेवा की। वे अमर शहीद महाशय राजपाल के सुपुत्र थे।
दीनानाथ मल्होत्रा ने 1958 में हिन्द पाकेट बुक्स की स्थापना की थी व 60 से अधिक वर्षों तक प्रकाशन क्षेत्र से जुड़े रहे. आपने अपने जीवन संस्मरणों पर आधारित पुस्तक "डेयर टू पब्लिश" यानी छापने का जोखिम भरा साहस लिखी है।