इंटरनेशनल स्कूल | व्यंग्य

रचनाकार: दिलीप कुमार

तो मसला ये है साहिबान कि बड़ी मन्नतों से पैदा हुई हमारी औलाद को हमने सोचा कि वर्ल्ड सिटीजन बनाया जाए ताकि हमारा बच्चा इंटरनेशनल लेवल की काबिलियत हासिल कर सके।  इंटरनेशनल होने के लिये दो ही विकल्प हैं, या तो इंसान के पास बाप द्वारा छोड़ी गई खूब इफ़रात अमेरिकी डॉलर हो जो कि इंटरनेशनल करेंसी है या फिर इंटरनेशनल लेवल की पढ़ाई-लिखाई की काबिलियत हो जो कि इंटरनेशनल स्कूल में पढ़कर ही मिल सकती है।

यही सब सोच कर हम दर्जा एक में ही अपनी बेटी का नाम लिखाने शहर के एक इंटरनेशनल स्कूल में पहुंचे, जो कि हमारे घर से काफी दूर था। पहले तो गेट पर तैनात बाउंसर टाइप संतरी ने हर तरह से मेटल डिटेक्टर लगाकर जांच की और हमें सख्ती से ढेर सारे इंस्ट्रक्शन दिए और यह जतलाया कि हमें अंदर जाने दे रहे हैं तो बहुत बड़ा एहसान कर रहे हैं। संतरी ने खुद को सिक्योरिटी आफिसर बताया मुझे वार्निंग देते हुए कहा “यहां पर चप्पे-चप्पे पर कैमरे लगे हैं। हर चीज की रिकार्डिंग और मानीटरिंग हो रही है। मोबाइल का इस्तेमाल आप सिर्फ फीस पेमेंट के लिये कर सकते हैं। स्कूल में कहीं भी फोटो खींचने, रिकार्डिंग करने या किसी बाहरी को काल करना हरगिज अलाउड नहीं है। इसलिये कोई गलती या मिस एडवेंचर करने की कोशिश मत करिएगा। हर रूल्स और इंस्ट्रक्शन को फॉलो करना होगा, वरना हम स्कूल के अंदर कोई भी एक्शन ले सकते हैं और किसी भी लेवल तक जा सकते हैं। हमें पूरी अथारिटी है। सो बी केयरफुल।”

उनकी धमकी-चेतावनी से सहमे हुए हम पति-पत्नी और बिटिया स्कूल के अंदर पहुंचे। वहां कई हट्टे-कट्टे बाउंसरों और लेडी कमांडो की भांति महिलाओं की पूछताछ और जांच पड़ताल से गुजरते हुए हम एडमिशन रूम में पहुंचे। वहां पर सबसे पहले बैठी महिला ने कहा “आप पहले हमारे स्कूल की ऐप डाउनलोड कर लीजिये। उसे अपने यूपीआई अकाउंट से कनेक्ट कर लीजिये। हमारा स्कूल बहुत हाई स्टैंडर्ड का है। यहां बहुत से लोग एडमिशन की क्वेरी के लिये आते हैं। सबकी हैसियत नहीं होती यहां स्कूल में एडमिशन लेने की। और हम ऐसे किसी ऐरे-गैरे को एडमिशन भी नहीं दे देते।

उनकी बात से मुझे बहुत ठेस पहुंची कि यह मुंह पर ही मुझे ऐरा-गैरा कह रही है। फिर भी अपना संशय दूर करने के लिये मैंने उसके मन्तव्य को कन्फर्म करना चाहा और पूछा “क्या मतलब है आपका?”

उसने कहा -  “हमारे स्कूल में  कुछ भी फ्री नहीं है। यहां तक कि क्वेरी भी नहीं। अगर डिटेल में आपको स्कूल और अपने बच्चे के सेशन के बारे में जानना-समझना है तो छह सौ रुपये पेमेंट करने होंगे। तब एक एक्ज़ीक्यूटिव पंद्रह मिनट का टाइम आपको देगा। उतने टाइम में जो भी आप स्कूल से रिलेटेड जानना-पूछना चाहें तो हर किस्म की क्वेरी कर सकते हैं।”

“उसी में एडमिशन कन्फर्म हो जायेगा। या कोई फार्म वगैरह भी भरना पड़ेगा?” मैंने अपनी जिज्ञासा रखी।

“क्वेरी सेशन में जब आप डिसाइड कर लेंगे कि एडमिशन लेना है आपको रजिस्ट्रेशन कराना पड़ेगा। रजिस्ट्रेशन के लिये क्या-क्या डाक्यूमेंट लगेंगे, यह आपको हमारा एक्ज़ीक्यूटिव बता देगा। आपको रजिस्ट्रेशन की एक हजार रुपये फीस देनी होगी। फीस कन्फ़र्मेशन होने के बाद हमारे ऐप पर आपको डॉक्युमेंट्स अपलोड करने होंगे। आप जब डॉक्युमेंट्स अपलोड कर देंगे तब हमारा ऑफिस डिसाइड करेगा कि आपको स्कूल का एडमिशन फार्म दिया जाए या नहीं।

“जी पढ़ना मुझे नहीं है बल्कि मेरी बच्ची को है। वह तो अभी पढ़ने की पहली दहलीज पर है। अभी से उसे क्या डिसाइड करेंगे?” मैंने अपनी बात रखी।

उसने मुझे घूरा और फिर कड़क स्वर में कहा “मैंने पहले ही कहा था कि हम ऐसे ही किसी ऐरे-गैरे को एडमिशन नहीं देते स्कूल में। हमारी एलीट खराब हो जाएगी। हमारी जेन्ट्री की साख खराब हो जाएगी। हम पहले बैकग्राउंड चेक करेंगे,  बच्चे का और आपका भी। आपका बच्चा एलिजबल हुआ तो भी एडमिशन की कोई गारंटी नहीं है। आखिर एलीट और जेन्ट्री का भी मामला है ये।”

अपनी हैसियत और आत्मसम्मान की खिल्ली उड़ते हुए देखकर मैं दुखी तो हुआ, मगर औलाद की बेहतरी के लिये कड़वा घूंट पीते हुए मैंने इसे भी बरदाश्त कर लिया।

फीस भुगतान और डाक्यूमेंट अपलोड के बाद हमें कहा गया कि हम स्कूल की कैंटीन में निर्णय का इंतजार करें। हम तीनों लोग स्कूल की कैंटीन में गए और इंतजार करने लगे तो हमें बताया गया कि कैंटीन में बिना खाने-पीने का आर्डर दिए यूँ ही टाइमपास करने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा यह भी ताकीद की गयी कि एक बार आर्डर सर्व हो जाने के बाद अधिकतम एक घण्टा ही बैठने की अनुमति है। यानी हर घण्टे नया आर्डर। दो घण्टे के बाद मेरे मोबाइल पर काउंटर पर पहुंचने का बुलावा आया। कैंटीन छोड़ने पर मुझे साढ़े छह सौ रुपये खाने-पीने के भुगतान करने पड़े। वास्तव में यह टाइमपास का भुगतान था।

उसके बाद काउंटर पर पहुंचने पर एक अति आधुनिक महिला ने हमें बताया - “देखिये सर, हमने आपके डाक्यूमेंट्स और आपके सोशल बैकग्राउंड की एनालिसिस कर ली है। हमें आपसे सिमपैथी है। हमने डिसाइड किया है कि आपकी हेल्प की जा सकती है।”

उसकी बात सुनकर मेरे चेहरे पर चमक आ गई। मैंने पूछ ही लिया- यानी मेरी बच्ची को एडमिशन मिल जायेगा।”

“जी नहीं, एडमिशन अभी कन्फर्म नहीं हुआ है। हाँ, आपको एडमिशन फार्म दे रहे हैं। स्टूडेंट का एक टेस्ट-कम-इंटरव्यू होगा। यह पंद्रह मिनट का होगा। उसी के बाद एडमिशन पर कोई फाइनल डिसीजन होगा। उसके लिये आपको स्कूल की ऐप पर एक हजार रुपये जमा करने होंगे। जल्दी डिसाइड कीजिये। हमारे पास बहुत से कैंडिडेट इन वेटिंग हैं।” उसने उकताहट भरे स्वर में कहा।

मरता क्या न करता। पैसे जमा किये और बच्ची को अंदर भेजा और अपने देवता-पितरों को सुमिरने  लगा।

कोई आधे घण्टे बाद मेरी बच्ची चाकलेट लेकर हंसती-मुस्कराती हुई निकली। उस देखकर हमें तसल्ली हुई और उम्मीद बंधी कि अब शायद कुछ अच्छा हो।

बच्ची तो खुश नजर आ रही थी, मगर थोड़ी देर बाद एक बाउंसरनुमा  एक्ज़ीक्यूटिव हमारे पास आया और मुझे एक किनारे ले जाते हुये बोला “आपके लिये एक गुड़ न्यूज़ है। लेकिन एडमिशन में अभी भी एक प्रॉब्लम है।”

उसकी बात सुनकर मेरा दिल धक्क से हो गया। उसने मेरे डर को भांपते हुए कहा “देखिए आपकी बच्ची पढ़ने में तो ठीक है। वह हमारे स्कूल में पढ़ने के लिये तो एलिजिबल है, लेकिन प्रॉब्लम यह है कि यह  एक प्योर इंटरनेशनल स्कूल है। यहां प्योर और अमेरिकन एक्सेंट की इंग्लिश बोली जाती है, जो कि आपकी बच्ची को नहीं आती। इंग्लिश कल्चर, मैनर्स, एटीकेट भी सिखाने पड़ेंगे आपकी बच्ची को, तभी वह क्लास में बाकी बच्चों के साथ बैठ पाएगी। हम उसे ऐसे ही क्लास में बैठने की परमिशन नहीं दे सकते नहीं तो हमारे स्कूल की जेन्ट्री खराब हो जाएगी। मेरी बात समझे आप?”

मैंने उसकी बात को समझने की कोशिश की। कुछ-कुछ समझा भी, लेकिन अंत में हथियार डालते हुए मैंने कहा- “आप कहना क्या चाहते हैं। जो कहना है साफ कहिए। अब मेरी बच्ची का दाखिला इस स्कूल में हो सकता है या नहीं। और अगर हो सकता है तो मुझे और क्या करना होगा?”

उसके चेहरे की रंगत बदल गई और उसने मुझे ध्यान से देखते हुए कहा “एडमिशन हो सकता है, आपकी बच्ची का। वह एलिजिबल है। मगर क्लास में बाकी बच्चों के साथ बराबरी पर लाने के लिये हमें उसको एक स्पेशल प्रिपरेशन कोर्स कराना पड़ेगा। हम आपके जैसे बैकग्राउंड वाले बच्चों को यह कोर्स करवाकर ही क्लास में बाकी बच्चों के साथ बैठाते हैं, ताकि हमारा इंटरनेशनल स्टैण्डर्ड कम्प्रोमाइज न हो। सो आपकी बच्ची को एक महीने पप्रेटरी क्लास में ट्रेंड करेंगे, फिर उसे एडमिशन देंगे अपनी एक्चुअल क्लास में। उसके लिये आपको दस हजार रुपये डिपाजिट करने होंगे ऐप से। और हाँ एक बात का ख्याल रखियेगा ये दस हजार रुपये आपके मेन कोर्स की फीस से अलग होंगे।” उसने सधे हुए स्वर में कहा।

मुझे कोई खास हैरानी नहीं हुई। मैं ऐसे ही कुछ और रुपयों की पेनाल्टी की उम्मीद कर ही रहा था और हकीकतन वही हुआ भी।

“तो फिर मेन कोर्स फीस क्या होगी?” मैंने भी आर-पार लड़ने की नीयत से पूछा।

“एनुअल ट्यूशन फीस पचहत्तर हजार, पैंतीस, पच्चीस और पंद्रह हजार की तीन तिमाही किश्तों में देनी होगी। बुक्स के बीस हजार, यूनिफार्म का पंद्रह हजार और ट्रांसपोर्ट का सालाना पचास हजार। स्कूल टाइम एट थर्टी से थ्री थर्टी रहेगा।”

सब जोड़-गांठकर मैंने सोचा कि इतने में तो मेरा कचूमर निकल जायेगा। फिर भी हिम्मत करके मैंने उससे पूछा “बस इतना ही या और कोई फीस मुझे देनी होगी?”

“जी नहीं। एक रुपये की एक्स्ट्रा फीस आपको नहीं देनी है। हम दूसरे स्कूलों की तरह कोई हिडन फीस नहीं लेते। फीस आपको और कुछ नहीं देनी है।” उसने मुझे आश्वस्त किया।

उसकी बात सुनकर मैंने चैन की सांस ली।

“मगर पचास हजार रुपये का डोनेशन देना होगा। यह स्कूल का डेवलपमेंट चार्ज है। हमें स्टेटस मेंटेन करनी होती है और आपका बच्चा इस स्कूल में पढ़ेगा तो आपका भी तो स्टेटस बढ़ेगा ना। डोनेशन आपको वन टाइम और एडवांस देना पड़ेगा। आखिर यह इंटरनेशनल स्कूल है एलीट क्लास के लिये है। ऐरे-गैरों के लिये नहींयू अंडरस्टैंड व्हाट आई मीन टू से।”

यह कहकर वह मेरी तरफ देखकर कुटिलता से हँसा। उसकी खर्चीली हंसी देखकर मेरा रोने का दिल करने लगा।