फीजी (5.08.2024): भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में सोमवार को फीजी पहुंचीं। वह फीजी के राष्ट्रपति विलियम मैवालिली कटोनिवेरे और प्रधानमंत्री सितेवेनी रम्बूका के साथ बैठक करेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू फीजी के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर 5-7 अगस्त तक फीजी में रूकेंगी। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की फीजी की पहली यात्रा है।
राष्ट्रपति मुर्मू का हवाई अड्डे पर फीजी के उप प्रधानमंत्री विलियम गावोका, फीजी में भारत के उच्चायुक्त पी एस कार्तिग्यन और फीजी के अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने फीजी की संसद को भी संबोधित किया और इसके सदस्यों से बातचीत की।
भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, फीजी की अपनी यात्रा के पश्चात, मुर्मू न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की यात्रा करेंगी। मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति की छह दिवसीय तीन देशों की यात्रा का उद्देश्य भारत की ‘एक्ट ईस्ट’नीति को आगे बढ़ाना है।