न्यूज़ीलैंड (29 जुलाई 2024): भारत की राष्ट्रपति मुर्मू 7 से 9 अगस्त तक न्यूजीलैंड की राजकीय यात्रा पर रहेंगी।अपनी न्यूजीलैंड की राजकीय यात्रा के दौरान ऑकलैंड और वेलिंगटन आएंगी। राष्ट्रपति मुर्मू न्यूजीलैंड की गवर्नर डेम सिंडी कीरो के निमंत्रण पर न्यूजीलैंड का दौरा कर रही हैं। राष्ट्रपति मुर्मू न्यूज़ीलैंड की राजकीय यात्रा करने वाली भारत की दूसरी राष्ट्रपति हैं। इससे पूर्व 2016 में भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी न्यूज़ीलैंड की राजकीय यात्रा पर आए थे।
अपनी राजकीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू गवर्नर जनरल सिंडी कीरो के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी और प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से भी मिलेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू एक शिक्षा सम्मेलन को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय और भारत के मित्रों से बातचीत करेंगी। यह यात्रा भारत-न्यूजीलैंड द्विपक्षीय संबंधों को और बढ़ावा देगी।
राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भारतीय समुदाय के साथ संबंधों को और मजबूत करेगा। इस यात्रा से भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ने की आशा है।
राष्ट्रपति मुर्मू न्यूज़ीलैंड की यात्रा से पहले फीजी की राजकीय यात्रा करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू फीजी के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर 5-6 अगस्त को फीजी का दौरा करेंगी। यह भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष की फीजी की पहली यात्रा होगी। राष्ट्रपति मुर्मू फीजी के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू का फीजी की संसद को संबोधित करने और फीजी में भारतीय प्रवासियों से बातचीत करने का भी कार्यक्रम है।
फीजी से वे न्यूजीलैंड का दौरा करेंगी और इसके बाद वे तिमोर-लेस्ते की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू 5 से 10 अगस्त तक के बीच तीन चरणों में फीजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की राजकीय यात्रा करेंगी।
[भारत-दर्शन समाचार]