न्यूज़ीलैंड में गांधी जयंती सम्पन्न

रचनाकार: भारत-दर्शन समाचार

Gandhi Jayanti Wellington - HCI

2 अक्टूबर 2019 (न्यूज़ीलैंड): न्यूज़ीलैंड के विभिन्न नगरों में ‘गांधी जयंती' का आयोजन किया गया।


वेलिंग्टन में गांधी जयंती

न्यूज़ीलैंड की राजधानी वेलिंग्टन में रेलवे स्टेशन के आगे वाले मैदान में गांधीजी की प्रतिमा के समीप ‘गांधी जयंती' का आयोजन किया गया। न्यूज़ीलैंड में भारत के उच्चायुक्त मुक्तेश कुमार परदेशी ने गांधीजी की प्रतिमा को फूलों की माला पहनाकर, उन्हें प्रणाम किया और सम्मान जताया। इस अवसर पर इंडियन एसोसिएशन के सदस्य, अनेक संस्थाओं के सदस्य, भारतीय समुदाय के सदस्य व न्यूज़ीलैंड के पूर्व गवर्नर जनरल उपस्थित थे। गांधीजी की यह प्रतिमा वेलिंगटन के रेलवे स्टेशन के आगे वाले मैदान में लगी हुई है। इस प्रतिमा का लोकार्पण 2 अक्टूबर 2007 को वेलिंग्टन के तत्कालीन मेयर द्वारा न्यूज़ीलैंड के तत्कालीन गवर्नर जनरल व भारत के उच्चायुक्त की उपस्थिति में हुआ था।

महात्मा गांधी के 150वीं जयंती के अवसर पर, भारतीय उच्चायोग के साथ एकता एनजेड ने वेलिंगटन नाइट शेल्टर (डब्ल्यू एन एस) को 150 नए कंबल, बेडशीट और तकिये भेंट किए।

Gandhi Jayanti Wellington Celebrations

इसके अतिरिक्त 1 अक्टूबर 2019 (न्यूज़ीलैंड ): गोपियो (GOPIO), वेलिंगटन इंटरफेथ काउंसिल (Wellington Interfaith Council), एकता एनजेड (Ekta NZ) और सोका गक्काई इंटरनेशनल एनजेड (Soka Gakkai International NZ) ने गांधी जयंती व संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस हेतु 1 अक्टूबर को न्यूज़ीलैंड के संसदीय मैदान में, डिक सेडॉन की प्रतिमा के समीप मोमबत्तियाँ जलाकर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।


ऑकलैंड में गांधी जयंती

ऑकलैंड के महात्मा गांधी सेंटर में इस बार ‘गांधी जयंती' पर अरुणाचल प्रदेश के स्पीकर पासांग दोरजी सोना मुख्य अतिथि थे। दीपक प्रज्वलित करके कार्यक्रम आरंभ हुआ। गांधीजी व लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर फूलमालाएँ चढाकर उन्हें नमन किया गया।

मानद कौंसल भाव ढिल्लो ने जनसमूह को संबोधित करते हुए बच्चों को उनके नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएँ दी। उन्होंने मुख्य अतिथि का परिचय देते हुए अरुणाचल प्रदेश के स्पीकर पसंग दोरजी सोना को मंच पर आमंत्रित किया।

Auckland Celebrates Gandhi Jayanti

मुख्य अतिथि, पासांग दोरजी सोना ने अपने संबोधन में कहा, "इस अवसर पर मुझे आमंत्रित करने के लिए मैं इंडियन एसोसिएशन का आभारी हूँ। मैं भारतीय बच्चों को भारतीय संस्कृति में पोषित होते देखने के लिए रोमांचित था। बच्चों ने 150वीं गांधी जयंती मनाने के लिए नृत्य और नाटक के माध्यम से जीवंत भारतीय संस्कृति का प्रदर्शन किया है।"

इस अवसर पर अनेक गणमान्य जिनमें भारत के मानद कौंसल भाव ढिल्लो, भारतीय मूल के सांसद कंवलजीत बख्शी, परमजीत परमार, लेबर पार्टी के सदस्य व इनके अतिरिक्त इंडियन एसोसिएशन के अनेक सदस्य उपस्थित थे।

छायाचित्र : एवा कपरीने (Éva Kaprinay) एवं भारतीय उच्चायोग, न्यूज़ीलैंड  

[भारत-दर्शन समाचार]