4 अगस्त 2019 (भारत): भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार इस वर्ष युवा कवि विहाग वैभव को उनकी कविता, ‘चाय पर शत्रु-सैनिक’ के लिए दिया जाएगा। यह पुरस्कार हर वर्ष 35 वर्ष से कम उम्र के युवा कवि को दिया जाता है। पुरस्कार उस वर्ष की प्रकाशित सर्वश्रेष्ठ कविता के लिए दिया जाता है। तार सप्तक के प्रसिद्ध हिंदी कवि भारत भूषण अग्रवाल की स्मृति में यह पुरस्कार उनकी स्वर्गीय पत्नी बिंदू अग्रवाल ने आरम्भ किया था। पुरस्कार का उद्देश्य युवा लेखन को बढ़ावा देना था।
यह पुरस्कार पांच सदस्यीय मंडल द्वारा दिया जाता है जिसमें से हर वर्ष एक व्यक्ति पुरस्कार के लिए चयन करता है। जूरी स्थायी है। निर्णायक मंडल में अशोक वाजपेयी, अरुण कमल, उदय प्रकाश, अनामिका और पुरुषोत्तम अग्रवाल हैं। बारी-बारी से हर वर्ष एक निर्णायक पुरस्कार के लिए कविता का चुनाव करता है। इस वर्ष अरुण कमल निर्णायक थे।
विहाग बनारस में शोध छात्र हैं और उनकी यह कविता पिछले वर्ष ‘तद्भव' पत्रिका के अक्टूबर 2018 के अंक में प्रकाशित हुई थी।
विहाग को यह पुरस्कार 11 अक्टूबर 2019 को रज़ा फाउंडेशन द्वारा आयोजित वार्षिक समारोह ‘युवा-2019' के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।
[भारत-दर्शन समाचार ]