मैं नहीं समझता, सात समुन्दर पार की अंग्रेजी का इतना अधिकार यहाँ कैसे हो गया। - महात्मा गांधी।

किसी के आँसुओं पर | ग़ज़ल

किसी के आँसुओं पर - ग़ज़ल | Hindi Ghazal by Dr Bhawana Kunwar

किसी के आँसुओं पर, ख़्वाब का घर बन नहीं सकता
भरी बरसात में फिर, शामियाना तन नहीं सकता

दुआओं का अगर हो हाथ सर पर तो भला डर क्या
वो जो खारा समंदर है भला क्यों छन नहीं सकता

भले हालात ने उसको, बना डाला हो आतंकी
कि माँ की कोख से तो लाल, ऐसा जन नहीं सकता

लबालब हो गरल से गर, भला फिर भी है क्यूँ डरना
कुचल दोगे समय से गर, उठा वो फन नहीं सकता

ना हीरे हैं ना मोती हैं, भले कमज़ोर दिखती हूँ
क़लम ताकत मेरी,कोई,चुरा ये धन नहीं सकता

अगर बारूद फैला हो,हमारे घर के आँगन में
वहाँ होली,दीवाली,ईद कुछ भी मन नहीं सकता

-डॉ० भावना कुँअर
 सिडनी (ऑस्ट्रेलिया)

प्रतिक्रियाएं (Comments) - 0

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप करें!

टिप्पणी लिखें (Write a Comment)

CAPTCHA

मेरी पसंदीदा रचनाएँ

आपने अभी तक कोई रचना सहेज कर नहीं रखी है।