उर्दू जबान ब्रजभाषा से निकली है। - मुहम्मद हुसैन 'आजाद'।
ची-ची | बाल कहानी  (बाल-साहित्य )  Click to print this content  
Author:वंदना शर्मा

एक था चूहा। नाम था उसका ची-ची। एक दिन वो सुबह की सैर को जा रहा था। उसे एक पेड़ के नीचे कुछ चमकीला-सा दिखाई दिया। ची-ची दौड़कर पहुंचा वहां, देखा एक सुन्दर लाल कपडा था। जो बहुत चमक रहा था। वह ख़ुशी से उछल पड़ा,"अरे वाह कितना सुन्दर कपडा है। इसकी तो मैं टोपी सिलवाऊंगा। शादी में जाऊंगा। सेल्फी लूंगा। गरम -गरम रसगुल्ले खाऊंगा। वॉओ! कितना मज़ा आएगा! युम्मी-यम्मी ! ऐसा सोचकर उसने लाल कपड़े को उठाया और उलट-पलटकर देखने लगा। टोपी सिलाने के लिए चाहिए, एक दर्जी।

ची -ची चूहा गया दर्जी के पास। पैसे तो थे नहीं, उसके पास! दर्जी ने उसकी टोपी सिलने को मना कर दिया- "जाओ पहले पैसे लेकर आओ ,ऐसे नहीं सिलूँगा।" चूहा बहुत दुखी हुआ। कुछ सोचने लगा। उसे एक तरकीब सूझी। वो फिर से दर्जी के पास गया और बोला--

"पुलिस को बुलाऊंगा, पिटाई करवाऊंगा
नहीं तो टोपी सिल दो भैया, वरना जेल भिजवाऊंगा"

दर्जी डर जाता है। उसकी टोपी सिल दी। टोपी पहनकर ची-ची चूहा बहुत खुश हुआ। उसने सोचा अगर इस टोपी में सितारे भी होते तो मजा आ जाता। चूहा गया सितारे लगवाने। पहले तो सितारे वाले ने मना कर दिया ,फिर चूहे ने उसे भी वही धमकी दी--

"पुलिस को बुलाऊंगा ,पिटाई करवाऊंगा
नहीं तो सितारे लगा दो भैया, वरना जेल भिजवाऊंगा"

सितारे वाले ने भी डरकर जल्दी से सितारे लगा दिए। सितारे वाली टोपी पहनकर चूहा बहुत खुश हुआ। सोचा चलो अब पार्टी में चलते हैं। चूहा पहुंचा मंडप में, लेकिन ये क्या ? यहाँ उसे एक दरबान ने रोक लिया। दरबान उसे अंदर नहीं जाने दे रहा था। उसने फिर वही धमकी दी--

"पुलिस को बुलाऊंगा, पिटाई करवाऊंगा
नहीं तो अंदर जाने दो भैया, वरना जेल भिजवाऊंगा"

दरबान भी डर जाता है। उसने चूहे को अंदर जाने दिया। चूहा अपनी समझदारी पर बहुत खुश हुआ।इठलाकर अकड़कर चलने लगा। कभी इधर फुदकता, कभी उधर फुदकता। शोर मचाता चूहा चला जा रहा था अपनी ही धुन में, ख्वाबो को बुनता हुआ मन ही मन में। तभी अचानक उसका पैर फिसला, जा गिरा ची-ची नाली में। हुई उसकी बहुत जग-हँसाई और खिंचाई। टोपी भी गन्दी हो गयी नाली में। अपनी टोपी देख चूहा रोने लगा। तभी वहां आयी एक नन्ही चुहिया, बोली मत रो भैया, "जो हो गया, होने दो। आँसू पोंछो, हँसो तो-- यह लो खाओ रसमलाई। अब तो थोड़ा हँस दो भैया।
आओ मिलकर करें ता-थैया, ता -थैया।

-डॉ वंदना शर्मा
 ई-मेल : vandna.reporter@gmail.com

Previous Page
 

सब्स्क्रिप्शन

सर्वेक्षण

भारत-दर्शन का नया रूप-रंग आपको कैसा लगा?

अच्छा लगा
अच्छा नही लगा
पता नहीं
आप किस देश से हैं?

यहाँ क्लिक करके परिणाम देखें

इस अंक में

 

इस अंक की समग्र सामग्री पढ़ें