दिव्या माथुर
दिव्या माथुर ब्रिटेन मे बसी भारतीय मूल की हिंदी साहित्यकार हैं। आपका जन्म 23 मई 1949 को दिल्ली में हुआ। आप कविता, कहानी व उपन्यास विधाओं में साहित्य-सृजन करती हैं।
देश-विदेश की अनेक प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में आपकी कहानियाँ और कविताएँ प्रकाशित हुई हैं। आप पर अनेक शोध-पत्र किए जा चुके हैं। आप रॉयल सोसाइटी की फ़ेलो (Royal Society, Fellow) हैं। हिंदी के अतिरिक्त पंजाबी पर भी आपकी सशक्त पकड़ है।
विशिष्ट संगीतज्ञ राधिका चोपड़ा, रीना भारद्वाज, कविता सेठ, वसुधा सक्सेना और सतनाम सिंह द्वारा आपके गीतों और ग़ज़लों की संगीतबद्ध प्रस्तुतियाँ हुई हैं। दूरदर्शन और आकाशवाणी की शृंखलाओं, ‘इस माह के लेखक’ के अंतर्गत कार्यक्रम प्रसारित हुए। आपकी कहानी, 'सांप सीढी' पर दूरदर्शन द्वारा टेली-फिल्म का निर्माण हुआ है।
शिक्षा
आपने बी.ए. (अंग्रेज़ी; इतिहास और हिंदी-वैकल्पिक); एम.ए. (अँग्रेज़ी) के अतिरिक्त दिल्ली एवं ग्लास्गो से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। इसके अतिरिक्त चिकित्सा-आशुलिपि का स्वतंत्र अध्ययन किया।
साहित्यिक कृतियाँ
उपन्यास
शाम भर बातें
कविता संग्रह
अंतःसलिला, ख़याल तेरा, रेत का लिखा, 11 सितम्बर: सपनों की राख तले, चंदन पानी, झूठ, झूठ और झूठ
कहानी संग्रह
मेड-इन-इंडिया और अन्य कहानियां, हिंदी@स्वर्ग.इन, 2050 और अन्य कहानियां, पंगा और अन्य कहानियां, आक्रोश, हा जीवन हा मृत्यु
अँग्रेज़ी में संपादन
औडिस्सी (Odyssey) Stories by Indian Women Writers Settled Abroad, आशा (Asha-Odyssey II) Short Stories by Indian Women Writers, देसी गर्ल्स (Desi-Girls) यूके में बसी भारतीय लेखिकाओं की कहानियां
सम्मान
आर्ट्स अचीवर, आर्टस काउन्सिल ऑफ इंग्लैण्ड का अवार्ड, परमानन्द साहित्य एवं संस्कृति सेवा सम्मान, प्रवासी साहित्य सम्मान, संस्कृति सेवा सम्मान, हरिवंशराय बच्चन लेखन सम्मान