विजय कुमार मल्होत्रा
विजय कुमार मल्होत्रा का नाम माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के हिंदी रूपांतरण की रूपरेखा विकसित करने वाले तकनीकीविद के रूप में जाना जाता है। विजय कुमार मल्होत्रा का जन्म 28 अगस्त, 1946 को हुआ।
कार्यक्षेत्र
आपने अनुप्रयुक्त भाषाविज्ञान, प्राकृतिक भाषा संसाधन, कंप्यूटरी भाषाविज्ञान और मशीनी अनुवाद के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इससे पहले मल्होत्रा जी ने राजभाषा विभाग, रेल मंत्रालय में निदेशक(राजभाषा) के रूप में वर्षों तक हिंदी की सेवा की है। आपने यू.के. और अमरीका के विश्वविद्यालयों में अध्यापन और शोध कार्य में बहुसमय तक प्रवृत्त रहे हैं। ‘राजभाषा के नये आयाम' और ‘हिंदी में कंप्यूटर के भाषिक आयाम' शीर्षक उनकी दो मौलिक पुस्तकें प्रकाशित हैं।
सम्मान एवं पुरस्कार
सेवानिवृत्ति के उपरांत आप हिंदी और भारतीय भाषाओं के तकनीकी विकास से जुड़े पोर्टल ‘भाषा इंडिया' से जुड़े हुए हैं। मल्होत्रा जी को उनकी सेवाओं के लिए माइक्रोसॉफ्ट का सर्वाधिक प्रतिष्ठित एम.वी.पी. पुरस्कार पांच बार प्राप्त हो चुका है। विजय कुमार मल्होत्रा को आत्माराम पुरस्कार से सम्मानित करते हुए केंद्रीय हिंदी संस्थान गौरव का अनुभव कर रहा है।