शकुन्तला देवी (4 नवम्बर 1929 - 21 अप्रैल 2013) को ‘मानव कम्प्यूटर' के रूप में जाना जाता है। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उनका नाम 1982 में ‘गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में भी सम्मिलित किया गया। शकुन्तला देवी के अंदर पिछली सदी की किसी भी तिथि का दिन क्षण भर में बताने की क्षमता थी।
शकुन्तला देवी कभी स्कूल नहीं गईं और न ही औपचारिक शिक्षा पा सकी लेकिन उन्होंने अंग्रेज़ी में उपन्यास भी लिखे और तमिल में कहानियाँ भी। उनके पिता सर्कस में काम करते थे तो वह औपचारिक शिक्षा भला कैसे पा सकती थी!
'बिना स्कूल गए, आपने भाषाएँ कहाँ से सीखी?' प्रश्न हुआ तो उत्तर मिला, "भाषा तो मैं बात करते करते सीख गई। हिंदी मुझे पढ़नी-लिखनी तो नहीं आती लेकिन मैं बात कर लेती हूँ। मैंने कोई पढ़ाई नहीं की है, बस मुझे ये सब अभ्यास से आ गया।"
शकुन्तला देवी ने 1977 में अमरीका में कंप्यूटर से प्रतियोगिता की और 188132517 का घनमूल बता कर शकुंतला देवी विजयी रही थी।
4 नवंबर 1929 को कर्नाटक की राज्यधानी बंगलौर में जन्मी शकुन्तला देवी का 21 अप्रैल 2013 को निधन हो गया था।
[भारत-दर्शन]