न्यूजीलैंड की भारतीय पत्रकारिता की कहानी - 1921 में न्यूज़ीलैंड में पहला मासिक समाचार पत्र ‘आर्योदय’ आरंभ हुआ। न्यूजीलैंड में भारतीय पत्रकारिता का इतिहास एक सदी पुराना है। न्यूजीलैंड के पहले मासिक 'आर्योदय' के संपादक जे.के. नेताली और उप-संपादक, पी.वी. पटेल थे। न्यूजीलैंड भारतीय पत्रकारिता में हिंदी प्रकाशन का अध्याय आंशिक रूप से ‘द इंडियन टाइम्स’ में 1992 में हस्तलिखित हिंदी रिपोर्टों के प्रकाशन से आरम्भ हुआ। 1996 में भारत-दर्शन का पहला मुद्रित अँक आया और न्यूज़ीलैंड की हिंदी पत्रकारिता का नया अध्याय आरंभ हुआ। 1997 में 'भारत-दर्शन' का इंटरनेट संस्करण प्रकाशित हुआ तो इस पत्रिका ने 'इंटरनेट पर विश्व का पहला हिंदी प्रकाशन’ होने का गौरव प्राप्त किया।