दीपावली उमंगें लाई,
दीप जल उठे हर घर-आँगन।
तमस भागकर छुपा कहीं पर,
दमक उठे सबके ही तन मन॥
मुंडेरों पर दीप सजे हैं,
ज्यों नभ से उतरे हों तारे।
घर घर में पकवान, मिठाई,
घर घर व्यंजन कितने सारे॥
कहीं पटाखे, कहीं फुलझड़ी,
कहीं सुहावन हैं रंगोली।
दीपावली बड़ी सुखदायक,
भरती है खुशियों से झोली॥
करते सभी लक्ष्मी पूजन,
ताकि नित्य धन, वैभव आये।
अंधकार की सत्ता हारे,
सदा उजाला ही जय पाये॥
आओ, हम भी दीपक बनकर,
जग में उजियारा फैलायें।
सब अपने अच्छे कामों से,
यह सुन्दर संसार सजायें॥
––त्रिलोक सिंह ठकुरेला
प्रतिक्रियाएं (Comments) - 0
टिप्पणी लिखें (Write a Comment)