World Hindi Secretariat, Mauritius

25 अक्टूबर 2026 (मॉरीशस): विश्व हिंदी सचिवालय (भारत व मॉरीशस सरकार की द्विपक्षीय संस्था) द्वारा विश्व हिंदी दिवस 2027 के उपलक्ष्य में 'अंतरराष्ट्रीय हिंदी भाषण लेखन प्रतियोगिता 2026' का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय 'कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के दौर में हिंदी' रखा गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 25 वर्ष से अधिक होनी चाहिए।

वैश्विक स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता को 5 प्रमुख भौगोलिक क्षेत्रों में बाँटा गया है, जिसमें अफ्रीका व मध्य पूर्व, अमेरिका, एशिया व ऑस्ट्रेलिया (भारत के अतिरिक्त), यूरोप और भारत शामिल हैं। प्रत्येक भौगोलिक क्षेत्र के विजेताओं को प्रमाण-पत्र के साथ आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएँगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 300 अमेरिकी डॉलर, द्वितीय पुरस्कार के लिए 200 अमेरिकी डॉलर और तृतीय पुरस्कार के लिए 100 अमेरिकी डॉलर की राशि निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा विश्व हिंदी दिवस 2027 के गरिमामयी अवसर पर की जाएगी।

मुख्य नियम एवं शर्तें

प्रविष्टि की अंतिम तिथि: सभी प्रविष्टियाँ डाक या ई-मेल द्वारा रविवार, 15 नवंबर 2026 तक सचिवालय को प्राप्त हो जानी चाहिए।
शब्द सीमा व लिपि: भाषण अधिकतम 1500 शब्दों का होना चाहिए और इसे देवनागरी लिपि में टंकित (Type) होना अनिवार्य है।
मौलिकता: भेजी गई रचना पूरी तरह से मौलिक, अप्रकाशित और कॉपीराइट से मुक्त होनी चाहिए।
गोपनीयता: मुख्य प्रविष्टि (भाषण) पर प्रतिभागी का नाम, हस्ताक्षर या कोई अन्य विवरण नहीं होना चाहिए। नाम, पता, फोन नंबर और ई-मेल आईडी को एक अलग पृष्ठ पर लिखकर संलग्न करना होगा।
नागरिकता का प्रमाण: प्रविष्टि भौगोलिक क्षेत्र की नागरिकता के आधार पर स्वीकार की जाएगी, इसलिए पासपोर्ट, आई.डी. कार्ड या आधार कार्ड की प्रति संलग्न करना अनिवार्य है।
ई-मेल/लिफाफा: ई-मेल के विषय (Subject) में या लिफाफे के ऊपरी बाएँ कोने पर 'अंतरराष्ट्रीय भाषण लेखन प्रतियोगिता 2026' और अपने 'भौगोलिक क्षेत्र' का नाम लिखना आवश्यक है।

इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियाँ सचिवालय के ई-मेल whscompetitionswhd@gmail.com पर भेज सकते हैं या आधिकारिक पते (World Hindi Secretariat, Independence Street, Phoenix 73423, Mauritius) पर डाक द्वारा भेज सकते हैं।

[भारत-दर्शन समाचार]