नन्ही-सी छोटी-सी जान,
काम ढंग से करे तो महान,
न करे तो बने हैवान।
लचीली, फुर्तीली, सुरीली।
सुधा-सी यह तान,
योगी का यह मान,
इंद्र का वर्चस्व ये,
भक्त का सर्वस्व ये।
बनते काज बिगाड़ती है,
बड़े-बड़ों को पछाड़ती है।
चुप रहे तो शिला बनती है,
न रहे तो किला बनती है।
माँ की स्वर-लहरी है,
बातें बड़ी गहरी हैं।
पिता का ज्ञान है,
समाज में दिलाती मान है।
भाई के हाथ की डोरी है,
गरीब की पीठ की बोरी है।
शहद जब घुलता है,
बावरा मन डुलता है।
रस-सी रिसती है,
प्रेम में पिसती है।
कैकेयी-सी कड़वी है,
यशोदा की लोरी है।
कान्हा की मटकी है,
तलवार-सी तीखी है।
चाहे तो रस्ते में छोड़ दे,
चाहे तो पहाड़ मोड़ दे।
यही तो बड़ी बात है,
बड़ी कमबख़्त सौग़ात है।
सोचकर कमाल करना,
ध्यान से इस्तेमाल करना।
जो अड़ जाए तो अड़ी है,
फिर न बढ़ती एक घड़ी है।
सारे संसार को नचाती है,
खूब लीला रचाती है।
कौन है ये? है क्या कोई तूफ़ान?
नहीं जी, ये तो है नन्ही ज़ुबान।
— मधु खन्ना
ई-मेल: khannamadhu45@yahoo.com.au
प्रतिक्रियाएं (Comments) - 0
टिप्पणी लिखें (Write a Comment)