सावन में मरुस्थल भी चहक जाते हैं,
काँटे भी बहारों में महक जाते हैं;
निर्दोष जवानी पै न झुंझलाओ तुम,
इस उम्र में सब लोग बहक जाते हैं।
––उदयमानु 'हंस'

काँपती लौ, यह सियाही, यह धुआँ, यह काजल,
उम्र सब अपनी इन्हें गीत बनाने में कटी;
कौन समझे मेरी आँखों की नमी का मतलब;
ज़िन्दगी वेद थी पर जिल्द बंधाने में कटी।
––गोपाल दास नीरज

कहाँ कौन मंज़िल; डगर जानती है,
कहाँ नीर कम है, लहर जानती है;
है मोती कहाँ और कहाँ सोपियाँ हैं,
तटों से न पूछो, भँवर जानती है।
––नरेन्द्र ‘चंचल’ 

देश का लोहा गला, फ़ौलाद टाटा हो गया,
देश में जूता चला, मशहूर बाटा हो गया;
योजनाएँ यों चलीं जैसे छिनालों की ज़ुबान,
हम जमा करते रहे, खाते में घाटा हो गया।
––गोपालप्रसाद व्यास

हमने ये कैसी निधि पाई;
पाकर जिसे उम्र पछताई;
जब जीवन ही बीत गया तब,
कला हमें जीने की आई। 
––इन्दीवर

ख़्वाब, हर-शब हसीं, नहीं होता,
ऐसा होगा, यक़ीं नहीं होता;
कोई शैंताँ कोई फ़रिश्ता है,
हर बशर आदमी नहीं होता।
––बलवीरसिंह 'रंग'

द्वार-द्वार लाली के चर्चे, आया नया सवेरा है,
महलों में आालोक मगर कुटियों में तम का डेरा है;
दो शब्दों में इस विकास का सार कहे देता हूँ मैं,
गाँवों में रोशनी नहीं तो सारा देश अँधेरा है।
––आनन्द मिश्र

जिन्दगी ग़म ही सही, गाती तो है, 
दुनिया एक धोखा सही, भाती तो है; 
हाथ क्यों मैं मौत के आगे भला जोडू? 
नींद थम-धमके सही, आती तो है।
––देवीप्रसाद 'राही'