राष्ट्रीय प्रसारण दिवस | 23 जुलाई

23 जुलाई 1927 को इंडियन प्रसारण कंपनी ने बंबई स्टेशन से रेडियो प्रसारण आरंभ किया था। 1927 में मुंबई और कोलकाता में निजी स्‍वामित्‍व वाले दो ट्रांसमीटरों से प्रसारण सेवा आरंभ हुई। 1930 में इन ट्रांसमीटरों को सरकार ने अपने नियंत्रण में ले लिया। इसे भारतीय प्रसारण सेवा का नाम दिया गया। 1935 तक इसे भारतीय प्रसारण सेवा के नाम से ही जाना जाता था। 1936 में इसका नाम परिवर्तित कर ऑल इंडिया रेडियो रखा गया।

1957 में ऑल इंडिया रेडियो को आकाशवाणी के नाम से पुकारा जाने लगा। आज लगभग देश के हर हिस्से तक रेडियो की पहुंच है। 1927 से रेडियो भारत में लोगों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है और लगातार सूचना, शिक्षा और मनोरंजन उपलब्ध कराता रहा है। वर्तमान में आकाशवाणी विश्व के सबसे बड़े लोक प्रसारकों में एक है।